Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAराजस्थानलोकल न्यूज़

महेश चन्द्र नवहाल बने नेशनल प्रोजेक्ट्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (एनपीसीसी) के निदेशक

भीलवाड़ा-मूलचन्द पेसवानी

 भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अधीन देश की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की निर्माण कंपनी नेशनल प्रोजेक्ट्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनपीसीसी) में महेश चन्द्र नवहाल को निदेशक (डायरेक्टर) पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) द्वारा, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के माध्यम से की गई है। यह नियुक्ति देश के सार्वजनिक क्षेत्र के निर्माण एवं अवसंरचना क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

नेशनल प्रोजेक्ट्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनपीसीसी) की स्थापना वर्ष 1957 में भारत सरकार द्वारा की गई थी। यह मिनी रत्न श्रेणी-1 का सार्वजनिक उपक्रम है तथा देशभर में बड़े बांधों, भवन निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों एवं पुलों, जल संसाधन विकास, विद्युत परियोजनाओं, औद्योगिक संरचनाओं तथा परियोजना प्रबंधन परामर्श (पीएमसी) सहित अनेक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्तमान में एनपीसीसी, वैपकोस लिमिटेड की सहायक कंपनी के रूप में कार्यरत है।

महेश चन्द्र नवहाल लंबे समय से सामाजिक, पर्यावरणीय एवं जनजागरण गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। वे स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत पर्यावरण प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त वे जलधारा विकास संस्थान के अध्यक्ष, सनातन सेवा समिति के महामंत्री तथा बायोएंजाइम एकेडमी ऑफ इंडिया, बेंगलुरु के संस्थापक न्यासी (फाउंडर ट्रस्टी) हैं।

पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जलधारा विकास संस्थान द्वारा मां कोठारी नदी पुनर्जीवन अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ संचालित किया गया। इसके साथ ही भीलवाड़ा पक्षी महोत्सव, भीलवाड़ा तितली महोत्सव, भीलवाड़ा पुष्प महोत्सव, भीलवाड़ा गुलदाउदी महोत्सव तथा भीलवाड़ा पुरा प्राचीन वैभव महोत्सव जैसे अनेक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इन आयोजनों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, जल संरक्षण तथा स्थानीय प्राकृतिक धरोहरों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

महेश चन्द्र नवहाल की प्रशासनिक दक्षता, तकनीकी अनुभव तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उनकी यह नियुक्ति एनपीसीसी के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके नेतृत्व में कंपनी के आधारभूत संरचना विकास, परियोजना प्रबंधन तथा सतत विकास से जुड़े कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

उनकी इस नियुक्ति पर सामाजिक, औद्योगिक एवं पर्यावरणीय क्षेत्रों से जुड़े अनेक संगठनों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!