मुख्यमंत्री हरियालो राजस्थान अभियान: किशनगढ़ खेल स्टेडियम में 500 पौधों का हुआ विशाल वृक्षारोपण
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में विधायक गोपाल खंडेलवाल का आह्वान, स्कूल में स्टाफ बढ़ाने और कला संकाय खोलने की उठी मांग

मुख्यमंत्री हरियालो राजस्थान अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम किशनगढ़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल स्टेडियम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित राजस्थान के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर करीब 500 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाने तथा उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर भविष्य का आधार बनेगा।
इस अवसर पर उप जिला प्रमुख शंकरलाल गुर्जर, किशनगढ़ सरपंच रामस्वरूप गुर्जर, जावल सरपंच अंबेश भवानी शंकर चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश पाराशर, विधानसभा प्रभारी अनिल पारीक तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य शिरीन परवीन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी पौधारोपण किया।

कार्यक्रम के दौरान उप जिला प्रमुख शंकरलाल गुर्जर ने ग्राम किशनगढ़ में खेल स्टेडियम के निर्माण एवं क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान शिक्षा से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। विद्यालय प्रशासन की ओर से विधायक खंडेलवाल का ध्यान विद्यालय में शिक्षकों एवं स्टाफ की कमी की ओर आकर्षित कराया गया। साथ ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय किशनगढ़ में वर्तमान विज्ञान संकाय के स्थान पर कला संकाय शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की आवश्यकता को देखते हुए इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष ग्राम पंचायत किशनगढ़ और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में करीब 2000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, विद्यालय परिसर, खेल मैदान और अन्य उपयुक्त स्थलों पर पौधारोपण किया जाएगा, ताकि किशनगढ़ क्षेत्र को अधिक हराभरा और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।




