Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAE-Paperराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

बेटियों ने तिरंगे को सलाम कर रचा देशभक्ति का रंगमंच, परेड से गूंजा परिसर

पीएम श्री वीर माता माणिक कंवर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय

शाहपुरा। पीएम श्री वीर माता माणिक कंवर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। सुबह विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत माहौल नजर आया। ध्वजारोहण से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अनुशासित परेड तक छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य रीता धोबी ने ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया। राष्ट्रध्वज के सम्मान में पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से भर उठा। प्रधानाचार्य ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है।

देशभक्ति पैरोडी में गूंजा बलिदान का संदेश

समारोह में छात्राओं ने देशभक्ति पैरोडी के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया। राजस्थानी लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक पेश की। रंग-बिरंगी प्रस्तुति और लोक संगीत की लय ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।

छात्राओं ने संस्कृत भाषा में भाषण प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति में संस्कृत के महत्व को रेखांकित किया। वहीं समूह गान ‘अनेकता में एकता’ के माध्यम से देश की विविधता में छिपी एकता का सुंदर संदेश दिया गया।

व्यायाम में अनुशासन, बैंड की धुन पर जोश

कार्यक्रम में छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन कर शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। विद्यालय के बैंड दल ने शानदार बैंड वादन प्रस्तुत कर समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया। बैंड की गूंजती धुनों के बीच छात्राओं में उत्साह देखते ही बना।

इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने भव्य परेड प्रस्तुत की। कदम से कदम मिलाकर अनुशासित ढंग से आगे बढ़ती छात्राओं ने अपने आत्मविश्वास और अनुशासन से सभी को प्रभावित किया। परेड ने यह संदेश भी दिया कि राष्ट्र निर्माण में अनुशासन, एकता और सामूहिक प्रयास की अहम भूमिका है।

प्रस्तुतियों ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम, एकता, सद्भाव और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ उनकी राष्ट्र के प्रति संवेदनशीलता भी देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। विभिन्न प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर छात्राओं के चेहरे खुशी और गर्व से खिल उठे।

कार्यक्रम का संचालन उत्सव जयंती प्रभारी इंदिरा जैन ने किया। समारोह में उप प्राचार्य पीयूष गदिया सहित सुरेंद्र सिंह बारेठ, शिव प्रसाद शर्मा, दुर्गेश पारिक, राकेश कुमार खटीक, ज्योति सुमन, किरण सोडा, माया कोली, त्रिलोक खटीक, रानू धाकड़, मेघा केवलानी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

समूचा कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया और परिसर से राष्ट्रप्रेम, एकता व जिम्मेदारी का संदेश लेकर छात्राएं लौटीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!