Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAE-Paperधर्मराजस्थानरामस्नेहीलोकल न्यूज़शाहपुरा

एक साल बाद भी नहीं मिला फसल बीमा व मुआवजा, भारतीय किसान संघ ने सरकार को चेताया

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, राशि जारी नहीं होने पर तहसील मुख्यालयों पर आंदोलन की दी चेतावनी

शाहपुरा। भारतीय किसान संघ जिला शाहपुरा ने खरीफ 2025 में खराब हुई फसलों के मुआवजे एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि अब तक किसानों के खातों में जमा नहीं होने पर प्रदेश सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है। संघ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की है तथा चेतावनी दी है कि यदि किसानों को उनका अधिकार नहीं मिला तो प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष सुगनलाल बोहरा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि भारतीय किसान संघ पिछले वर्ष खरीफ 2025 की प्राकृतिक आपदा से नष्ट हुई फसलों के मुआवजे को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है। संघ ने स्मरण कराया कि सितंबर 2025 में झालावाड़ में हजारों किसानों ने भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में विशाल आंदोलन किया था। उस दौरान राज्य सरकार ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि तथा फसल खराबी की आदान अनुदान सहायता देने का आश्वासन दिया था।

ज्ञापन में कहा गया कि सरकार ने फसल खराबे को स्वीकार करते हुए संबंधित राशि स्वीकृत भी कर दी, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद अधिकांश किसानों के खातों में न तो बीमा राशि पहुंची और न ही मुआवजे की राशि जमा हुई। इससे प्रदेश का किसान स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और उसकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।

भारतीय किसान संघ जिला शाहपुरा ने कहा कि किसान पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं, बढ़ती लागत और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे समय में स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान नहीं होना किसानों के साथ अन्याय है। संघ ने सरकार से तत्काल सभी पात्र किसानों के खातों में फसल बीमा एवं मुआवजा राशि जमा कराने की मांग की।

संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो भारतीय किसान संघ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन एवं राज्य सरकार की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष सुगनलाल बोहरा के साथ नरेश व्यास, भेरूलाल कहार, जगदीश जाट, सुनील पाराशर, तहसील अध्यक्ष फौजी साहब, भूरजी लोधा, सत्यनारायण शर्मा, विभाग संगठन मंत्री सहित बड़ी संख्या में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!