Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAE-Paperधर्मराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

विश्व हिंदू परिषद में शाहपुरा के रामेश्वर लाल धाकड़ को बड़ी जिम्मेदारी

चित्तौड़ प्रांत गौ रक्षा प्रमुख बनाए गए, समाजसेवा के 38 वर्षों के अनुभव का मिला सम्मान

शाहपुरा संवाददाता। विश्व हिंदू परिषद की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक उदयपुर जिले के फतहनगर में संपन्न हुई, जिसमें संगठन के विस्तार और विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई। बैठक में शाहपुरा के वरिष्ठ समाजसेवी एवं लंबे समय से राष्ट्र और समाज सेवा से जुड़े रामेश्वर लाल धाकड़ को विश्व हिंदू परिषद, चित्तौड़ प्रांत गौ रक्षा प्रमुख का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया। उनकी नियुक्ति से संगठन के कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।

रामेश्वर लाल धाकड़ पिछले 38 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सामाजिक और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संगठनात्मक अनुभव, सेवा कार्यों में सक्रियता तथा गौ संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद ने उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा है।

धाकड़ इससे पूर्व विश्व हिंदू परिषद के सह प्रांत गौ रक्षा प्रमुख, बजरंग दल के चित्तौड़ प्रांत संयोजक, निजी शिक्षण संस्थान के प्रदेश प्रभारी सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे राष्ट्रीय विमुक्त घुमंतू जनजाति महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व भी निभा रहे हैं। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक क्षेत्रों में उनके लंबे अनुभव को नई जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नवनियुक्त चित्तौड़ प्रांत गौ रक्षा प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़ ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य सड़कों पर निराश्रित घूम रहे गोवंश को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना होगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए और किसानों की फसलों को भी नुकसान से बचाया जा सके। इसके लिए सरकार के समक्ष ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत कर स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि गौ संरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए गौशालाओं को समय पर सरकारी अनुदान दिलाने, गौ आधारित उत्पाद केंद्र स्थापित कराने, अवैध कत्लखानों को बंद कराने तथा कत्लखानों की ओर ले जाए जा रहे गोवंश को बचाने जैसे मुद्दे उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे। साथ ही समाज में गौ सेवा के प्रति जनजागरण अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।

धाकड़ ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है। समाज और प्रशासन के समन्वय से ही गोवंश संरक्षण की दिशा में प्रभावी और स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

उनकी नियुक्ति पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में चित्तौड़ प्रांत में गौ रक्षा गतिविधियों को नई गति और मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!